बीकानेर। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा शैक्षिक पंचांग में संशोधन करते हुए 9वीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया गया है। नए आदेश के अनुसार अब इन कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं 7 मार्च से शुरू होकर 19 मार्च तक आयोजित की जाएंगी।
विभाग के अनुसार पहले यह परीक्षाएं 1 अप्रैल 2026 से प्रस्तावित थीं, लेकिन नए शिक्षा सत्र को समय पर शुरू करने के उद्देश्य से परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
इसके साथ ही परिणाम घोषित करने की तिथि में भी संशोधन किया गया है। अब 9वीं और 11वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम 16 मई के बजाय 25 मार्च को जारी किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। विभाग का कहना है कि रिजल्ट जल्दी जारी होने से नया शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से समय पर शुरू किया जा सकेगा।